प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक हुई इस प्रतियोगिता में भारत ने 10वां स्थान हासिल किया था। भारत ने 6 सिल्वर मेडल और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 20 मेडल हासिल किए। 2024 में भारत 13वें, अब 10वें स्थान पर है।
मोदी ने कहा कि युवाओं के लिए प्रैक्टिकल स्किल्स उतनी ही महत्वपूर्ण हैं, जितनी अकादमिक डिग्रियां। उन्होंने स्किल ट्रेनिंग संस्थानों को IIT और IIM के बराबर महत्व का बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है, इसलिए युवाओं को लगातार नई स्किल सीखने, अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने और उभरती तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार करने की जरूरत है।
पीएम ने प्रतिभागियों से अपने अनुभव और सुझाव सरकार के साथ साझा करने को कहा, ताकि देश की कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने युवाओं, सरकार और प्रशिक्षण संस्थानों के मिलकर काम करने पर जोर दिया।