अमिताभ बच्चन रविवार को अपने मुंबई स्थित आवास जलसा के बाहर फैंस से मुलाकात करने पहुंचे। बम से उड़ाने की धमकी के बाद अमिताभ एक बुलेटप्रूफ कांच के केबिन के अंदर दिखाई दिए। वे केबिन के अंदर से ही बाहर मौजूद फैंस की तरफ हाथ हिलाते और हाथ जोड़कर नमस्कार करते नजर आए।
हाल ही में अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा का स्तर बढ़ा दिया है।
अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। इस परंपरा को ‘संडे दर्शन’ कहा जाता है। हाल ही में अमिताभ बच्चन के आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। इस घटना के तुरंत बाद मुंबई पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और जलसा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। रविवार को भी दर्शन के दौरान पुलिसकर्मी बैरिकेड्स के पास मुस्तैद रहे और भीड़ पर लगातार नजर बनाए रखी।
पिछली बार पिता के साथ नजर आए थे अभिषेक बच्चन
इससे पहले हुए संडे दर्शन के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी दिखाई दिए थे। आमतौर पर अमिताभ इस परंपरा के दौरान अकेले ही फैंस के सामने आते हैं, लेकिन पिछली बार पिता के पीछे खड़े अभिषेक की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा था।