इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 2027 में काउंटी चैंपियनशिप में सरे की टीम से खेलेंगे। 25 साल तक एंडरसन लंकाशायर से जुड़े रहे, लेकिन टीम ने अगले सीजन के लिए उनका कॉन्ट्रैक्ट नहीं बढ़ाया।
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके 44 साल के एंडरसन ने 2026 के काउंटी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 50 विकेट लिए और लंकाशायर के प्लेयर ऑफ द ईयर चुने गए थे।
एंडरसन ने लंकाशायर से विदाई के तरीके पर निराशा जताई थी। उन्होंने कहा था- ‘अगर फैसला मेरे हाथ में होता, तो यह रिश्ता इस तरह खत्म नहीं होता।’
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी लंकाशायर के इस फैसले की आलोचना की थी। उन्होंने क्लब के रवैये को अपमानजनक बताया था।
अब एंडरसन सरे के साथ अपने करियर का नया अध्याय शुरू करेंगे। यहां उनकी मुलाकात इंग्लैंड के पूर्व साथी एलेक स्टीवर्ट से होगी, जो फिलहाल सरे मेंस क्रिकेट के डायरेक्टर हैं।