न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट के तीसरे दिन ध्रुव जुरेल ने 88 रन की पारी खेलकर भारत को मुश्किल से निकाला। उन्होंने अपने माता-पिता के सामने SENA देश (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में पहला अर्धशतक लगाया।
फिफ्टी पूरी करने के बाद जुरेल ने स्टैंड्स में बैठे पिता को आर्मी सैल्यूट किया। जुरेल ने बताया कि उनके माता-पिता पहली बार भारत से बाहर मैच देखने आए हैं।
SENA देशों में खेलना और रन बनाना मेरा सपना था। मेरे माता-पिता पहली बार भारत से बाहर आए हैं। उनके सामने रन बनाकर अच्छा लगा।

117 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद संभाली पारी
भारत ने तीसरे दिन 6 विकेट पर 116 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम ने 117 रन पर सातवां विकेट गंवा दिया। इसके बाद जुरेल ने लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों के साथ पारी संभाली। उन्होंने चार घंटे से ज्यादा बल्लेबाजी की और आखिरी तीन विकेट के लिए 129 रन जोड़े।
जुरेल ने आकाश दीप के साथ 46, गुरनूर बराड़ के साथ 64 और जसप्रीत बुमराह के साथ 19 रन की साझेदारी की। उनकी पारी की बदौलत भारत पहली पारी में 246 रन तक पहुंचा।