रेलवे के 23 साल के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने टी-20 डेब्यू को यादगार बना दिया। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट झटके।
वे टी-20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अभिमन्यु मिथुन नवंबर 2019 में और दर्शन नल्कंडे 2021 में यह कारनामा कर चुके हैं।
इंदौर में खेले गए मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में सौराष्ट्र की टीम 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी। रेलवे ने यह मुकाबला 29 रन से जीता। जमशेद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।