नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली पहुंच गए हैं। यह उनका पहला द्विपक्षीय दौरा है। पीएम बालेन शाह का कल राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि भी देंगे।
इसके बाद पीएम मोदी और बालेन शाह की द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद दोनों नेता भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा।
अब दोनों देशों के श्रद्धालु रामायण से जुड़े इन दो प्रमुख तीर्थस्थलों तक ट्रेन से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को भी पढ़ाई, कारोबार और परिवार से मिलने के लिए आने-जाने का एक नया विकल्प मिलेगा।