नई दिल्ली, – भारत में पिछले 24 घंटों में नोवल कोरोनावायरस (कोविड -19) से 2003 लोगों की मौत हो गई है, जोकि एक दिन में इस वायरस से मरने वाले लोगों की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं इस अवधि में करीब 11,000 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे देश में मामलों की कुल संख्या 3.54 लाख से अधिक हो गई है।
यह खुलासा केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों से हुआ।
मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटों में करीब 10,974 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 3,54,065 हो गई है। देश में लगातार छठे दिन 10,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 30 जनवरी को दर्ज किए गए पहले मामले के बाद अब तक कुल 11,903 लोगों ने जानलेवा बीमारी के कारण दम तोड़ दिया।
वहीं लगातार नौवें दिन इससे उबरने वाले लोगों की संख्या (1,86,934) सक्रिय मामलों (1,55,226) की तुलना में अधिक रही। भारत में रिकवरी दर भी 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर गई है।