कृषि कानूनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के जीआईसी मैदान में जारी किसान महापंचायत के बीच प्रदर्शनकारी किसानों को भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी का साथ मिला है।
भले ही केंद्र सरकार और पार्टी कृषि कानूनों की वापसी को नकार रहे हैं, मगर भाजपा सांसद वरुण गांधी किसानों के पक्ष में आज आवाज उठाते दिखे। किसान महापंचायत के इतर रविवार को बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने किसानों का दर्द समझने की अपील की है और कहा है कि वे अपने ही खून हैं और हमें उनका दर्द समझना होगा।
पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा, ‘मुजफ्फरनगर में आज प्रदर्शन के लिए लाखों किसान जुटे हैं। वो हमारा ही खून हैं। हमें उनके साथ फिर से सम्मानजनक तरीके से जुड़ने की जरूरत है। उनका दर्द समझें, उनका नजरिया देखें और जमीन तक पहुंचने के लिए उनके साथ काम करें।’