एशियाई खेलों के लिए भारतीय टेनिस टीमें घोषित

चीन के हांगझोऊ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेल 2023 के लिए ओलंपियन रोहन बोपन्नासुमित नागल और अंकिता रैना को भारतीय टेनिस टीम में शामिल किया गया है।

2014 एशियाई खेलों में सानिया मिर्ज़ा के साथ मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीतने वाले साकेत माइनेनी भी भारतीय टीम में हैं।

सानिया मिर्ज़ा इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगी। उन्होंने इस साल की शुरुआत में पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने की घोषणा की थी। एशियन गेम्स की अलग-अलग स्पर्धाओं में उन्होंने आठ पदक जीते हैं जिनमें दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रजनेश गुणेश्वरन, एक और बड़ा नाम है जो इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने जकार्ता में हुए 2018 एशियाई खेलों की पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था। आपको बता दें कि प्रजनेश गुणेश्वरन इस साल लगातार चोटों से जूझते रहे हैं।

सानिया मिर्ज़ा की ग़ैरमौजूदगी में पिछले संस्करण की कांस्य पदक विजेता अंकिता रैना देश की शीर्ष महिला खिलाड़ी होंगी।

WTA रैकिंग में अंकिता रैना 206वें स्थान पर हैं। जबकि कर्मन कौर थांडी रैकिंग में उनसे 28 स्थान नीचे हैं। थांडी ने एशियाई खेलों के लिए भी कट हासिल किया था। वहीं महिला युगल में अंकिता रैना भारत की सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं। वह महिला युगल की विश्व रैकिंग में 149वें स्थान पर काबिज़ हैं।

पुरुषों की टीम की अगुवाई अनुभवी रोहन बोपन्ना करेंगे। जून 2016 के बाद भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने पिछले महीने पहली बार युगल ATP रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाई थी। उन्होंने इस साल दो ATP ख़िताब जीते हैं।

रोहन बोपन्ना ने जकार्ता में आयोजित 2018 एशियाई खेलों में पुरुष युगल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि, उनके साथी दिविज शरण प्रतियोगिता के इस संस्करण में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

इसके अलावा एकल स्पर्धा की चुनौती में सुमित नागल भारत की कमान संभालेंगे। विश्व रैकिंग में 226वें स्थान पर काबिज़ सुमित भारत के शीर्ष क्रम के भारतीय एकल टेनिस खिलाड़ी हैं। इंचियोन में 2014 एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता युकी भांबरी और रामकुमार रामनाथन को भी एशियाई खेल 2023 के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है।

एशियाई खेल के पिछले संस्करण में, भारत ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किया था। आगामी एशियाई खेल में टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन 24 से 30 सितंबर तक होगा।

एशियाई खेल 2023 के लिए भारतीय टेनिस टीम

पुरुष टीम: रोहन बोपन्ना, सुमित नागल, युकी भांबरी, साकेत माइनेनी, मुकुंद शशिकुमार, रामकुमार रामनाथन; नॉन-प्लेइंग कैप्टन: रोहित राजपाल

महिला टीम: रुतुजा भोसले, अंकिता रैना, करमन कौर थांडी, प्रार्थना थोंबारे, वैदेही चौधरी, सहज यमलापल्ली; नॉन-प्लेइंग कैप्टन: अंकिता भांबरी

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *