ईरान की सेना ने शनिवार को दावा किया कि उसने फारस की खाड़ी के ऊपर अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान पर मिसाइल दागी। इससे उसे नुकसान पहुंचा और पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
ईरान ने यह भी कहा कि उसने अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन समेत अब तक 58 अमेरिकी ड्रोन नष्ट किए हैं।
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने F-16 पर हमले के दावे को झूठा बताते हुए कहा कि मध्य पूर्व में उसके सभी लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और किसी पर हमला नहीं हुआ।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सरकारी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियम किसी दूसरे देश को नहीं सौंपेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका को भरोसा देना होगा कि शांति समझौते के बाद वह दोबारा हमला नहीं करेगा।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें ईरान पर हमले का कोई पछतावा नहीं है। वे ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे।
दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए हमला किया था। वहीं, ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कामों के लिए है।