बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को निशाना बनाने की धमकी दी है। पोस्ट में उसने बुलेटप्रूफ केबिन का जिक्र करते हुए बेहद गंभीर चेतावनी दी है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई से उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। उसने कहा कि दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर न देखा जाए। साथ ही दावा किया कि गिरफ्तारी के बावजूद उनकी कथित योजना नहीं रुकेगी।
अमिताभ और अभिषेक को दी धमकी
पोस्ट में गोल्डी ने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार का जिक्र करते हुए कहा कि इसके दोषियों को माफ नहीं किया जाएगा। इसके बाद उसने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए धमकी दी कि वे चाहे जितने बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, उन्हें निशाना बनाया जाएगा।
गोल्डी ने लिखा कि दोनों को बुलेटप्रूफ केबिन में ही मारेंगे। फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आई इस धमकी को लेकर संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।