सोनिया बोलीं- राजीव जिंदा होते तो हम नॉर्मल जिंदगी जीते:लोगों ने मेरे बारे में कहानियां बनाईं, मैंने सिर्फ बच्चों और काम पर ध्यान दिया

राजीव जिंदा होते तो हम नॉर्मल जिंदगी जी रहे होते। लोगों ने मेरे बारे में काफी किस्से-कहानियां बनाईं, लेकिन मैंने इन सब की जगह सिर्फ अपने बच्चों और काम पर ध्यान दिया।

यह बातें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में कहीं।

नेहरू-गांधी खानदान में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के बाद सोनिया पहली सदस्य हैं, जिन्होंने आत्मकथा लिखी है।

नेहरू ने 1936 में ‘एन ऑटोबायोग्राफी’ लिखी थी और अब सोनिया ने ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ किताब लिखी है।

सवाल: 1965 में जब आप राजीव गांधी से मिलीं, तब क्या आपको अंदाजा था कि एक दिन आपका जीवन भारत के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़ जाएगा। क्या कभी लगा कि इस रिश्ते की कीमत आपको अपनी निजी आजादी देकर चुकानी पड़ेगी।

सोनिया: जब हमारी मुलाकात हुई तो मैं सिर्फ 19 साल की थी। कुछ साझा दोस्तों के जरिए हम मिले थे। मुझे याद है मैं उनके व्यक्तित्व से प्रभावित हुई। उनका नाम, उनका परिवार, हमारी जिंदगी का हिस्सा नहीं बना था। और मुझे भारत के बारे में ज्यादा कुछ पता भी नहीं था।

राजीव जी का यह स्वभाव था कि शुरू में उन्होंने मुझसे यह भी नहीं कहा था कि वह किसी बड़े राजनैतिक परिवार से आते थे। इन बातों को मैं धीरे-धीरे समझने लगी। फिर भी उस समय मैं सोच भी नहीं सकती थी कि मेरे जीवन में कितना बदलाव आने वाला था।

वैसे शादी के बाद जब राजीव जी पायलट थे, तब भी इस परिवार में होने के बावजूद हमारा निजी जीवन मिडल क्लास के आम लोगों जैसा था। उस समय कोई सुरक्षा भी नहीं होती थी।

सवाल: किताब में आपने इंदिरा गांधी को एक मां और प्रधानमंत्री, दोनों रूपों में देखा है। उनके व्यक्तित्व का कौन-सा पहलू ऐसा था, जो आम भारतीयों ने कभी नहीं देखा।

सोनिया: घर पर और परिवार के सदस्यों के साथ, इंदिरा जी बहुत निर्मल स्वभाव की थीं। मैं जब नई बहू थी, तब मुझे यहां के रीति-रिवाज समझने में समय लगा। मगर उन्होंने कभी मुझे महसूस नहीं होने दिया कि मैं परायी हूं। मुझसे हमेशा अपनापन दिखाया, समय मिलता था तो बच्चों की देख-रेख में मदद भी कर लेती थीं, उन्हें कहानियां सुनाती थीं। वह हर कठिनाई में हमारे साथ खड़ी रहीं। 1969 में हमारे पहले बेटे की मृत्यु के समय वह अपना दौरा बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंच गई थीं। मुझे याद है कि उन्होंने राजीव और मुझे गले लगाया और हमें हिम्मत दी।

जब उन्होंने अपने बेटे को खोया तो सबके सामने उन्होंने इस भयानक त्रासदी का बहुत दृढ़ता से सामना किया मगर उनका दिल टूट गया था और एकांत में वह अपने कमरे में बैठीं आसूं बहाती। उस समय मुझे एक मां होने के नाते उनके दुख और उनके हौंसले दोनों का बहुत करीब से एहसास हुआ।

सवाल: आपातकाल के समय राजीव गांधी की क्या भूमिका और राय थी। क्या परिवार के भीतर भी इस फैसले को लेकर मतभेद थे। क्या इंदिरा गांधी को बाद में अपनी गलती का अहसास हुआ।

सोनिया: दोनों बेटे अपनी मां का बहुत आदर करते थे। मतभेद का कोई सवाल नहीं था। वह कभी ऊंची आवाज में भी उनसे बात नहीं करते थे। मगर हां, दोनों खुल कर उन्हें अपनी राय जरूर देते थे। इंदिरा जी जानती थीं कि राजीव जी इस निर्णय से असहमत थे। वैसे आपातकाल लगाने का फैसला इंदिरा जी के लिए एक आसान फैसला नहीं था। वह आजादी के लिए लड़ी थीं, लोकतंत्र के प्रति उनकी गहरी आस्था थी। उस समय पार्टी के कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता भी उस वक्त यह मानते थे कि आपातकाल ही एकमात्र रास्ता है, क्योंकि देश में बहुत अराजकता फैल रही थी। कई जगह हिंसा भी हुई थी, कुछ विपक्ष के नेताओं ने सेना और सरकारी अधिकारियों को ऑर्डर लेने से इनकार करने का ऐलान भी किया था।

मगर मुझे याद है कि पूरे आपातकाल के दौरान इंदिरा जी के मन में एक बेचैनी बनी रही। एक उलझन उनके चेहरे पर साफ नजर आती थी। आज जब मैं उस दौर को पलटकर देखती हूं, तो मुझे लगता है कि आपातकाल के खत्म होने तक उन्हें भी यह एहसास हो गया था कि वह निर्णय शायद सही नहीं था। मगर ये सब बातें दशकों बाद कहनी आसान होती हैं, उस समय की परिस्थितियों में कौन से दबाव थे, उनका अनुमान हम नहीं लगा सकते थे।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *