सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राजनीतिक नेताओं के बयानों से न्याय व्यवस्था में बाधा पड़ने का आरोप लगाने वाली याचिका पर सुनवाई की। इस दौरान कोर्ट ने टिप्पणी की- राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं?
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने मामले को उस बेंच के सामने रखने को कहा, जो CJI सूर्यकांत के खिलाफ वकील की आपत्तिजनक टिप्पणी पर अवमानना मामले की सुनवाई कर रही है।
यह याचिका दो वकीलों अदिति यादव और विकास तिवारी ने दाखिल की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ नेताओं, सांसदों और अन्य लोगों के बयानों से न्यायपालिका की गरिमा प्रभावित हुई है और न्यायिक कामकाज में बाधा पहुंच सकती है।
याचिका में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, कांग्रेस, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, TMC सांसद महुआ मोइत्रा, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी सहित अन्य को पक्षकार बनाया गया है।
याचिकाकर्ताओं की ओर से गौरव भाटिया ने 4 घटनाओं का उल्लेख किया। इनमें सांसदों और पत्रकारों के बयान, सोशल मीडिया पोस्ट और CJI के खिलाफ कोर्टरूम में वकील की टिप्पणी शामिल हैं।