भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर हमेशा ही तर्कसंगत बातें रखने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को एक सलाह दी है। गावस्कर की सलाह के मुताबिक बीसीसीआई को पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों का रोल भारतीय क्रिकेट में बढ़ाना चाहिए। उन्होंने क्रिकेट सलाहकार समिति के कार्य का दायरा बढ़ाने का भी अनुरोध किया है।
दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब हाल ही में ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने खिताब अपने नाम किया था। ईस्ट जोन को पहली पारी में बढ़त के आधार पर विजेता घोषित किया गया था। गावस्कर इस नियम से खुश नहीं दिखे। दरअसल, पहली पारी में बढ़त के आधार पर घरेलू क्रिकेट में विजेता घोषित करने के नियम की पिछले कुछ समय से जमकर आलोचना हो रही है। अब गावस्कर ने भी इसको लेकर सवाल उठाए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में दस हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज गावस्कर ने अपने मिड-डे के कॉलम में लिखते हुए ये सलाह दी है। उन्होंने लिखा, “सेलेक्शन कमेटी और सीएसी के अलावा आज बीसीसीआई में कोई समिति नहीं है। मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि सीएसी का दायरा बढ़ाया जाए। कोचों के चयन के साथ-साथ घरेलू और इंटरनेशनल मैचों के शेड्यूल पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। कुछ बेहद अनुभवी और पूर्व क्रिकेटर हैं, जिनकी विशेषज्ञता का उपयोग समिति में किया जा सकता है।”