पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA)द्वारा की जा रही जांच पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी है। रिजवान ने कहा कि वो जांच खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।
34 साल के रिजवान ने संकेत दिए कि एक बार कार्रवाई पूरी हो जाए तो फिर वो मीडिया को अच्छी तरह संबोधित करेंगे। समा डॉट टीवी के मुताबिक रिजवान और इमाम उल हक के खिलाफ जो जांच चल रही है, वो कथित आरोपों के आधार पर हो रही है।
इंग्लैंड दौरे पर रिजवान और हक पर पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम की बातें और टीम के संबंधित मामलों को लीक करने का कथित आरोप लगा। रिजवान और इमाम उन सात खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट की हार के बाद घर भेज दिया था। रिजवान का प्रदर्शन शुरुआती दो टेस्ट में अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने चार पारियों में 61 रन बनाए थे।