सपा-कांग्रेस की 3 घंटे चली बैठक बेनतीजा:यूपी में कांग्रेस ने 125 सीटें मांगी, सपा 26 पर तैयार; इमरान मसूद बोले-भीख नहीं मांग रहे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने के साथ ही विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के दो सबसे बड़े साझेदारों-समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस-के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच करीब सवा तीन घंटे तक मैराथन बैठक चली, लेकिन सीट शेयरिंग पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। एक दिन पहले जहां कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए 125 से 130 सीटों की सूची सौंपी थी, वहीं मंगलवार को सपा ने महज 26 सीटों का प्रस्ताव रखकर सियासी मोलभाव को और जटिल बना दिया।

SP-कांग्रेस सीट-शेयरिंग मीटिंग के बाद AICC उत्तर प्रदेश इंचार्ज राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने सभी 403 सीटों पर डिटेल में चर्चा की और कोई मांग नहीं रखी गई, क्योंकि हम एक साथ लड़ना चाहते हैं।

रामगोपाल यादव ने सौंपी 26 सीटों की सूची

दोपहर 12:15 बजे से 3:30 बजे तक चली इस बैठक से पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने अपने रुख के संकेत दे दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सपा ने कांग्रेस को 26 ऐसी सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा सांसद राजीव राय ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस को सूची दे दी गई है और इन्हीं सीटों पर आगे चर्चा होगी।

हम भीख नहीं मांग रहे: इमरान मसूद

सपा के इस बेहद सीमित प्रस्ताव पर कांग्रेस खेमे में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी से भीख नहीं मांग रही है और ऐसा प्रस्ताव गठबंधन की भावना के अनुकूल नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की कांग्रेस काफी मजबूत हो चुकी है और वह 2022 वाली स्थिति में नहीं है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *