विद्युत जामवाल अपने खतरनाक स्टंट्स और फिटनेस के लिए पहचाने जाते हैं। अब उन्होंने ऐसा कारनामा किया है, जिसे देखकर ‘स्ट्रीट फाइटर’ के इवेंट में मौजूद लोग हैरान रह गए। एक्टर करीब 15 मिनट तक सांस रोककर एकटक बैठे रहे। उनकी आंखें खुली थीं और उन्होंने पलक तक नहीं झपकाई। कुछ देर बाद उनके पैरों में कंपन दिखाई दिया और आंखों से आंसू आने लगे। इसी इवेंट में विद्युत ने अपनी हॉलीवुड फिल्म, धलसिम के किरदार, शूटिंग के अनुभव और बॉलीवुड से तुलना पर भी खुलकर बात की।
15 मिनट तक रोकी सांस, आंखों से आने लगे आंसू
‘स्ट्रीट फाइटर’ के इवेंट में विद्युत जामवाल करीब 15 मिनट तक बिना सांस लिए और बिना पलक झपकाए बैठे रहे। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह मेडिटेशन कर रहे हैं, लेकिन काफी देर तक इसी स्थिति में रहने पर सभी का ध्यान उनकी तरफ चला गया।
करीब 15 मिनट बाद उनके पैरों में हल्का कंपन नजर आया और आंखों से पानी आने लगा। तब लोगों को समझ आया कि वह इतने लंबे समय से सांस रोककर बैठे थे। विद्युत की योग और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग लंबे समय से फिटनेस का हिस्सा रही है और इसका असर उनके एक्शन स्टंट्स में भी नजर आता है।