ICC वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल एक अक्टूबर को जारी करेगा। यह ऐलान साउथ अफ्रीका के केप टाउन में होगा। टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में पहली बार 14 टीमें 57 मैचों में हिस्सा लेंगी। इसमें 12 वेन्यू भी शामिल हैं।
टूर्नामेंट 2 अक्टूबर 2027 से 21 नवंबर तक खेले जाने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन से वर्ल्ड कप शुरू करने की योजना है।
वर्ल्ड कप में 14 टीमों को जगह मिलेगी। इनमें साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे स्थान मिला है। बाकी 8 सीधे स्थान 30 सितंबर 2026 की ICC वनडे रैंकिंग के आधार पर तय होंगे। चार स्थान क्वालिफायर से आएंगे।
23 सितंबर की ICC ODI रैंकिंग में भारत नंबर-1 पर है। उसके बाद न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश टॉप-10 में हैं। साउथ अफ्रीका को मेजबान होने के कारण अलग से जगह मिलने पर उसके बाद रैंकिंग में मौजूद गैर-मेजबान टीमों के लिए रास्ता बनेगा। मौजूदा स्थिति में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश सीधे क्वालिफिकेशन की स्थिति में हैं।
वेस्टइंडीज फिलहाल 10वें स्थान पर है और उसे क्वालिफायर के रास्ते वर्ल्ड कप में जगह बनानी होगी। क्वालिफिकेशन की अंतिम तस्वीर 30 सितंबर की कटऑफ के बाद ही साफ होगी।
नामीबिया मेजबान है, लेकिन उसकी जगह पक्की नहीं
इस वर्ल्ड कप में नामीबिया का मामला अलग है। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया तीनों मेजबान हैं, लेकिन नामीबिया को मेजबान होने के बावजूद सीधे एंट्री नहीं मिली है। उसे क्वालिफिकेशन रूट से गुजरना होगा। यानी पहली बार ऐसा हो सकता है कि किसी मेजबान देश की टीम अपने ही देश में होने वाले सीनियर पुरुष वर्ल्ड कप में हिस्सा न ले।
क्वालिफायर में कुल 10 टीमें होंगी। इनमें वेस्टइंडीज, आयरलैंड, क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 की टॉप-4 टीमें और क्वालिफायर प्लेऑफ की टॉप-4 टीमें शामिल होंगी। इन 10 टीमों में से टॉप-4 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी।
14 टीमों का टूर्नामेंट, लेकिन शुरुआत सभी से नहीं होगी
- ICC ने 2027 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट भी बदल दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत सुपर सीरीज से होगी। इसमें 14 क्वालिफाइड टीमों में रैंकिंग के आधार पर 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली तीन टीमें राउंड-रॉबिन खेलेंगी। इन तीनों में टॉप पर रहने वाली टीम अगले चरण में पहुंचेगी।
- इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी। दोनों ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी और हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से खेलेगी। इस चरण में 30 मैच होंगे। हर ग्रुप की टॉप-3 टीमों के अलावा दोनों ग्रुप की चौथे स्थान वाली टीमों में बेहतर रिकॉर्ड रखने वाली टीम भी अगले चरण में पहुंचेगी।
- इस तरह कुल 7 टीमें सुपर-7 में पहुंचेंगी। Super 7 में सातों टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी। इस चरण में 21 मैच होंगे। पॉइंट्स टेबल की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
- सुपर-7 में नंबर-1 पर रहने वाली टीम का सामना चौथे नंबर की टीम से होगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल खेलेंगे।