मोदी बोले- 50 करोड़ गरीबों ने गरीबी को हराया:बीते दशक में कृषि विकास दर 4% से ज्यादा रही, आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ

पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘किसान को सशक्त और स्मार्ट किए बिना खेती को मजबूत करना संभव नहीं है। गरीबी को लेकर वर्ल्ड बैंक की स्टडी आई। इसमें बताया गया कि भारत के 50 करोड़ गरीबों ने गरीबी को मात दी।

उन्होंने बताया कि गांवों में बहुत तेजी से गरीबी घटी है। बीते दशक में भारत में कृषि की विकास दर 4% से ज्यादा रही। ये आजादी के बाद पहला मौका है, जब एग्रीकल्चर सेक्टर ने इतनी ग्रोथ हासिल की। इसी दौरान गांवों में बड़ी संख्या में गरीबों ने गरीबी को हराया है।

दो दिवसीय सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। इसमें 2,000 से ज्यादा किसान, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और ग्लोबल एक्सपर्ट्स शामिल हुए।

मोदी के भाषण की 4 बड़ी बातें

1. भारत दूध उत्पादन में नंबर-1

श्वेत क्रांति ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर बना दिया है। भारत का दूध उत्पादन पिछले एक दशक में 70% बढ़ा है। अंडे के उत्पादन में 90% का इजाफा हुआ है। शहद का उत्पादन करीब 80 हजार टन से बढ़कर डेढ़ लाख टन हो गया है।

2. आधुनिक उपकरण उत्पादन का खर्च कम कर रहे

हमारे कृषि वैज्ञानिक ऐसे उपकरण बना रहे हैं, जो खेती का खर्च कम कर रहे हैं। बुआई-कटाई आसान हो रही है। हमें अन्नदाता को कृषि उद्यमी बनाना है। जहां उपज होती है, वो वैल्यू एडिशन कैसे हो, इस पर काम चल रहा है।

3. पहले टेक्नोलॉजी पर ध्यान नहीं दिया

जिन्होंने दशकों तक सरकारें चलाईं, वे इतने से ही संतुष्ट हो गए कि किसानों ने अन्न के भंडार भर दिए। सिर्फ अन्न के गोदाम भरना काफी नहीं होता। समय के साथ बाजार बदले, मौसम बदला, टेक्नोलॉजी बदली। पहले इस पर भी ध्यान नहीं दिया गया।

4. कुछ लोग सोचते हैं कि लोकतंत्र उनकी जेब में है

आजकल कुछ लोग संविधान को अपनी जेब से निकालते हैं और सोचते हैं कि देश का संविधान, लोकतंत्र उनकी जेब में है। उन्हें सत्ता का अलग ही नशा है। एक जमाने में राज्यों की रैंकिंग में गुजरात नंबर-1 आया। तब मैं गुजरात का सीएम था। जिस संस्था ने रैंकिंग दी थी, उसका नाम देश के पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर था। सरकार ने बाकायदा उन्हें आदेश दिया कि ऐसे नहीं चलेगा, रिपोर्ट छापने से पहले मंजूरी लेनी होगी। अब ये लोग लोकतंत्र पर बात करते हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *