मोदी बोले- कोई AI आपका रोजगार नहीं छीन सकता:मां का अंतिम संस्कार कर योगी भी पहुंचे, PM ने लखनऊ में टॉपर्स को सम्मानित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोजगार को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को AI से डरने की जरूरत नहीं है। कोई AI उनका रोजगार नहीं छीन सकता, क्योंकि भविष्य में उसी व्यक्ति की मांग होगी जिसके पास कौशल और काम करने की क्षमता होगी।
प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया। इनमें उत्तर प्रदेश के 6 प्रतिभाशाली युवा भी शामिल रहे। कार्यक्रम में करीब 4,200 प्रशिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
AI नहीं, स्किल तय करेगी भविष्य
पीएम मोदी ने कहा कि आज के दौर में डिग्री के साथ-साथ हुनर भी जरूरी है। बड़ी कंपनियों को केवल कागजी काम करने वाले लोगों की नहीं, बल्कि तकनीकी काम में दक्ष युवाओं की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि ITI से प्रशिक्षित युवा देश की अर्थव्यवस्था और उद्योगों की बड़ी ताकत हैं।
प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कला और कौशल का भी जिक्र किया। उन्होंने लखनऊ की चिकनकारी, बनारस और कांजीवरम की रेशम परंपरा तथा कलमकारी जैसे हुनर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की कौशल आधारित विरासत को फिर से मजबूत करना होगा।

मां का अंतिम संस्कार कर लखनऊ पहुंचे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर अपनी मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार करने के बाद लखनऊ पहुंचे। 91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था।
अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद योगी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचे। मंच पर पीएम मोदी ने उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी इस कठिन समय में कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यूपी में 17 लाख युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें 7 लाख से ज्यादा युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है।
उन्होंने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश की 150 से अधिक ITI में ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3D प्रिंटिंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने कहा कि कौशल और ज्ञान दोनों मिलकर युवाओं को रोजगार के लिए सक्षम बनाते हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *