मारुति के बाद टाटा और हुंडई ने 1 दिसंबर से अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। मारुति सुजुकी ने 22 नवंबर से अपनी चुनिंदा गाड़ियों के दाम बढ़ाए थे। कंपनियों ने इनपुट कॉस्ट यानी गाड़ी बनाने वाला सामान महंगा होने की वजह से यह फैसला लिया है।
किसी भी गाड़ी को बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल- जैसे स्टील, एल्युमीनियम, कॉपर, प्लास्टिक, रबर, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स, लेबर और ट्रांसपोर्टेशन पर आने वाले कुल खर्च को ‘इनपुट कॉस्ट’ कहते हैं।
जब इन चीजों के दाम बढ़ते हैं, तो कंपनियों का मुनाफा कम होने लगता है, जिसकी भरपाई के लिए वे गाड़ियों की कीमतें बढ़ाती हैं।
टाटा मोटर्स ने अपनी सभी पैसेंजर गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 1 दिसंबर से लागू होंगी। कंपनी ने बताया कि उसकी सभी कारों के दाम औसतन 0.5% तक बढ़ जाएंगे। यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक (EV)- दोनों तरह के मॉडल्स पर लागू होगी।