नेपाल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद अपने पहले विदेश दौरे पर भारत आए बालेन्द्र शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच सोमवार को लगभग 100 मिनट तक चली द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में कमजोर पड़े भरोसे को फिर से मजबूत किया।
इस दौरान मोदी ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये (24 हजार करोड़ नेपाली रुपये) के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जबकि कुल 19 ऐसी घोषणाएं की गईं जोकि सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और कनेक्टिविटी संबंधों को और गहरा करेंगी।
भविष्य की दिशा तय करने के लिए “विकसित भारत और समुन्नत नेपाल” का संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया गया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं तो उनके नेपाली समकक्ष शाह ने कहा कि भारत-नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक हैं।
मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री शाह का राजकीय स्वागत हुआ। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बाद में शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक हैं। नेपाल में बालेन के नाम से मशूहर बालेन्द्र शाह ने भारत को नेपाल का सबसे भरोसेमंद पड़ोसी बताया तो प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है।
मोदी ने कहा- “हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। हमारे पास स्पष्ट लक्ष्य हैं, आपसी विश्वास है और उन्हें साकार करने का सामर्थ्य भी है। सबसे बढ़कर हमारे साथ माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद हैं। मुझे विश्वास है कि इसी भावना के साथ हम अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे।” दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।