इजराइल में बेंजामिन नेतन्याहू को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए गादी आइजनकोट ने स्पेशल बिल पेश किया है। इसमें कहा गया है कि भ्रष्टाचार का मुकदमा झेल रहे नेता प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे।
नेतन्याहू पर अभी भ्रष्टाचार के 3 मामले चल रहे हैं, बिल पास हुआ तो वे अब इजराइल के पीएम नहीं बन पाएंगे।
आइजनकोट और उनके सहयोगी बुधवार को इजराइली संसद में कुल 8 बिल लाए। इनमें प्रधानमंत्री पद पर रहने का समय तय करने और नेतन्याहू सरकार के कुछ पुराने फैसले रद्द करने का प्रावधान है।
इजराइल में क्या-क्या बदलना चाहते हैं आइजनकोट?
PM कितने साल रह सकेंगे, यह तय होगा: आइजनकोट का प्रस्ताव है कि कोई भी व्यक्ति तय समय से ज्यादा प्रधानमंत्री के पद पर न रह सके। इसके लिए पीएम के कार्यकाल की अधिकतम अवधि तय की जाएगी। इससे नेतन्याहू जैसे नेता लंबे समय तक लगातार सत्ता में नहीं रह पाएंगे। नेतन्याहू इजराइल के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे हैं।
हमास के हमले की जांच होगी: 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल पर हमला किया था। गादी चाहते हैं कि एक स्वतंत्र आयोग इस बात की जांच करे कि हमले से पहले इजराइल की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां कहां चूक गई थीं। आयोग के सदस्यों को सुप्रीम कोर्ट चुनेगा। इस जांच में नेतन्याहू सरकार की जिम्मेदारी भी तय हो सकती है।
कोर्ट की ताकत बढ़ेगी: नेतन्याहू सरकार ने ऐसे कानून बनाए थे, जिनसे अदालतों की ताकत कम हुई थी। आइजनकोट इन कानूनों को रद्द करना चाहते हैं। इससे अदालतें सरकार के फैसलों की ज्यादा जांच कर सकेंगी और गलत पाए जाने पर उन्हें रोक भी सकेंगी।
संसद का स्पीकर बदला जाएगा: आइजनकोट का खेमा संसद के मौजूदा स्पीकर ओहाना को हटाकर उनकी जगह कहाना को लाना चाहता है। ओहाना नेतन्याहू के समर्थक हैं। स्पीकर बदलने से गादी आइजनकोट के खेमे को संसद में अपने बिल पास कराने में मदद मिल सकती है।