पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का अहमदाबाद कॉन्सर्ट अब नए विवाद में घिर गया है। 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए शो के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें कॉन्सर्ट के दौरान युवकों के बीच मारपीट और एक व्यक्ति को कथित तौर पर ई-सिगरेट पीते हुए देखा गया। इन घटनाओं के बाद कॉन्सर्ट में सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित चीजों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
कॉन्सर्ट में युवकों के बीच मारपीट
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ युवक आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल जाता है। वीडियो में युवकों को एक-दूसरे पर लात मारते और धक्का देते देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग कराया।
हालांकि, झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। मारपीट में शामिल युवकों की पहचान और घटना को लेकर आधिकारिक जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।