प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे में ‘दिमागी नक्सली’ संबंधी टिप्पणी किए जाने के बाद कांग्रेस विरोध में उतर आई है।
दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में माओवाद कमजोर हुआ था। बघेल ने पूछा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बार-बार बस्तर आ रहे हैं, लेकिन यहां के लोगों को क्या मिला।
PM मोदी ने बस्तर में ‘दिमागी नक्सलियों’ पर टिप्पणी की
माओवादी हिंसा से मुक्त पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपये देने का वादा कहां गया। भूपेश की इस प्रतिक्रिया के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस से पूछा कि माओवादी हिंसा के कमजोर होने का श्रेय लेने वाली पार्टी ने अपनी सरकार के अंतिम वर्ष में माओवाद उन्मूलन नीति क्यों बनाई थी।
बता दें कि दीपावली के दिन बस्तर में सुरक्षा बल के जवानों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हथियारबंद माओवादियों का सफाया होने के बाद भी खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि जंगलों से हथियारबंद माओवादियों को खत्म किया गया है, लेकिन ‘दिमागी नक्सलियों’ ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है। उनकी पहचान कर उन्हें हराने और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
कांग्रेस नेताओं ने स्वीकारा कि वे ‘दिमागी नक्सली’: विजय शर्मा
विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने स्वयं को ‘दिमागी नक्सली’ स्वीकार किया है। उन्होंने अप्रैल 2010 में ताड़मेटला (दंतेवाड़ा) में माओवादियों के हमले में 76 जवानों के बलिदान के बाद पूर्व मंत्री पीनक्सली चिदंबरम के बयान का उल्लेख किया।
शर्मा के अनुसार, चिदंबरम ने कहा था कि माओवादियों को हथियार डालने की आवश्यकता नहीं, बस वे उत्पात न करें और गोली न चलाएं। कांग्रेसियों ने झीरमकांड के आरोपितों को अपना रोल माडल भी बताया था।
विरोधियों को निशाना बनाना प्रधानमंत्री का रवैया : रमेश
इधर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें नक्सली कहा गया। उन्होंने कहा कि देशद्रोही कौन हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है, इस पर किसी भी समय और जगह बहस की जा सकती है।