बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के चौथे दिन मजबूत पकड़ बना ली है। अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में बांग्लादेश ने दूसरी पारी 7 विकेट पर 372 रन बनाकर घोषित की और अफगानिस्तान के सामने 479 रन का टारगेट रखा। दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में 50 ओवर में 3 विकेट पर 132 रन बना लिए थे। उसे आखिरी दिन जीत के लिए 347 रन और बनाने होंगे।
अफगानिस्तान की ओर से सेदिकुल्लाह अटल 35 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 27 गेंदों पर 19 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 22 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन ने 2 विकेट लिए। हसन महमूद को एक सफलता मिली।