पुंछ में LoC के पास धमाके में 4 की मौत:पानी की पाइपलाइन बिछा रहे थे, भारतीय सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर के पास नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार संदिग्ध बारूदी सुरंग धमाके में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, शक्तिशाली विस्फोट पीओजेके के हजीरा तहसील के सतवाल-नकी इलाके में हुआ। बताया जा रहा कि उस समय कुछ लोग नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी हिस्से में पानी की पाइपलाइन बिछा रहे थे।

सीमा पार से मिली शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान पीओजेके के बट्टल मंडोल गांव के फैजान सगीर, इश्तियाक, वकास शरीफ और आसिम रफीक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों आपस में चचेरे भाई थे। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल यह जानकारी भी नहीं मिली है कि मृतकों में से कोई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था या नहीं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *