ईडी ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र और गुजरात में 11 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच एजेंसी ने कई संदिग्ध दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकार्ड जब्त किए हैं।
ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय ने बुधवार को मनी लांड्रिंग अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत यह कार्रवाई की। छापेमारी मुंबई, नवी मुंबई, गुजरात के सूरत और भावनगर में की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क नवीन चिचकर, धीरज चिचकर और उनके सहयोगियों द्वारा संचालित किया जा रहा था। ईडी ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग्स की बिक्री से हासिल नकदी को वित्तीय व्यवस्था में खपाने और उसे वैध आय के रूप में दिखाने के तरीकों का पता लगाना था।
जांच की शुरुआत मुंबई में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की शिकायत के आधार पर हुई थी। एनसीबी ने मुंबई और नवी मुंबई में बड़ी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा, कोकीन और बेहिसाब नकदी जब्त की थी।
ईडी के अनुसार, आरोपित पर कोकीन, हाइड्रोपोनिक गांजा, एलएसडी और कैनबिस से बने पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी और बिक्री में शामिल थे। जांच में सामने आया कि ड्रग्स की बिक्री से प्राप्त रकम को अमेरिकी डालर और थाई बहत जैसी विदेशी मुद्राओं में बदला जाता था।