टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने कंपनियों को आदेश दिया है कि वह कम इनकम वाले यूजर्स के लिए छोटी वैलिडिटी के वॉइस और SMS रिचार्ज प्लान लाएं।
TRAI के नए नियमों के तहत अब टेलीकॉम कंपनियों को वॉइस और SMS सर्विसेज के लिए कम दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज प्लान ऑफर करने होंगे। जानिए TRAI के इस फैसले का आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा और यह आपके लिए कितना फायदेमंद है…
सवाल: TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए क्या नया आदेश जारी किया है?
जवाब: TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 जारी किया है। इसके तहत सभी टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले स्पेशनल टैरिफ वाउचर (STVs) पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। ये प्लान मुख्य रूप से केवल वॉइस कॉलिंग, SMS और डेटा सर्विसेज के लिए अवेलेबल कराए जाएंगे।
सवाल: इस फैसले को लाने के पीछे TRAI की मुख्य वजह क्या है?
जवाब: रेगुलेटर ने पाया कि टेलीकॉम कंपनियां ज्यादातर केवल लंबी वैलिडिटी वाले वॉइस और SMS प्लान ही ऑफर कर रही थीं। इनमें डेटा प्लान भी साथ में जुड़ा रहता था।
इस वजह से जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं थी, उन्हें भी मजबूरी में डेटा के साथ महंगे रिचार्ज कराने पड़ रहे थे। TRAI का कहना है कि कम वैलिडिटी के प्लान से कम इनकम वाले यूजर्स और बिना डेटा इस्तेमाल करने वालों को राहत मिलेगी।
सवाल: नया नियम लागू होने के बाद ग्राहकों को क्या ऑप्शन मिलेंगे?
जवाब: नए नियमों के अनुसार, टेलीकॉम ऑपरेटर्स को कम से कम एक ऐसा STV ऑफर करना होगा जो हर महीने की एक ही तारीख को रिन्यू हो सकेगा। यदि किसी महीने में वह तारीख नहीं आती है (जैसे 31 तारीख वाला महीना), तो रिचार्ज उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यू होगा।
इसके अलावा ऑपरेटर्स को इस मंथली-रिन्यूअल ऑप्शन से ज्यादा वैलिडिटी वाला कम से कम एक STV भी पेश करना होगा।