प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी से 25 मिनट संवाद किया। मंच पर पहुंचते ही क्वीन का मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजा।
पीएम ने कहा, ‘लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़े रहना।” मोदी का यह बयान राहुल गांधी और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर तंज माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए खास तौर पर Y आकार का रैंप बनाया गया था। भाषण से पहले PM रैंप पर चलकर युवाओं के बीच पहुंचे।
इस कार्यक्रम के लिए 6 हजार युवाओं को बुलाया गया था। मोदी ने युवाओं से झूठे दावों और भ्रामक बातों से बचने की अपील की।
जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के बाद बीजेपी का पूरा फोकस जेन-जी वोटर्स पर है। दरअसल, अगले साल 7 राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। इनमें 22.78% वोटर जेन-जी हैं। यूपी में सबसे ज्यादा 2.8 करोड़ जेन-जी वोटर हैं। इसलिए सभी पार्टियां उन्हें साधने में लगी हैं।