केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को कहा कि उसने एलआईसी इन्वेस्टमेंट फ्रॉड केस में रिलायंस कम्युनिकेशंस और कुछ सीनियर एग्जीक्यूटिव्स के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है।
सीबीआई ने मुंबई में सीबीआई मामलों के स्पेशल जज के सामने रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस एडीए ग्रुप के दो अधिकारियों ग्रुप एमडी अमिताभ झुनझुनवाला और रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के सीनियर वीपी विश्वास जोशी और एलआईसी के तत्कालीन चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (सीआईओ) पी वेणुगोपाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
सीबीआई के एक बयान के मुताबिक, चारों आरोपियों पर आईपीसी के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
बयान में कहा गया है कि अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने और दूसरे आरोपों की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
एलआईसी ने 2012 में रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड द्वारा जारी 1,500 करोड़ रुपये के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी) खरीदे थे, जो गंभीर रूप से गलत जानकारी के आधार पर जारी किए गए थे।