IPL 2027 में शमी राजस्थान से खेलेंगे:लखनऊ और राजस्थान के बीच 3 खिलाड़ियों की अदला-बदली; हर्षल 4 करोड़ में गुजरात से जुड़ेंगे

IPL 2027 से पहले राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच तीन खिलाड़ियों का ट्रेड हुआ है। मोहम्मद शमी राजस्थान और इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ की टीम में जाएंगे। वहीं, लखनऊ के लेफ्ट आर्म स्पिनर एम. सिद्धार्थ भी राजस्थान से जुड़ेंगे।

इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल गुजरात टाइटंस में शामिल होंगे। ESPN की रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात ने इस ऑल-कैश ट्रेड के लिए 4 करोड़ रुपए देने पर सहमति जताई है।

राजस्थान को पिछले सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने के बावजूद पावरप्ले में गेंदबाजी की कमजोरी से जूझना पड़ा था। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 10.14 रन प्रति ओवर दिए थे। ऐसे में मोहम्मद शमी को टीम में शामिल करना पावरप्ले की गेंदबाजी मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है। उनकी जोड़ी जोफ्रा आर्चर के साथ बन सकती है।

36 साल के शमी ने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 13 मैचों में 12 विकेट लिए थे। उनका इकोनॉमी रेट 9.00 रहा। 2024 से अब तक उन्होंने पावरप्ले में 14 विकेट लिए हैं और इस दौरान 8.76 की इकोनॉमी से रन दिए हैं। वहीं, IPL 2026 में लखनऊ की पावरप्ले गेंदबाजी का इकोनॉमी रेट 8.71 रहा था। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 23 विकेट लिए थे, जिसमें शमी की अहम भूमिका रही।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *