भारत और अमेरिका के बीच होने वाले व्यापार समझौते पर विदेश मंत्री एस जयशंकर का बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों ने ज्यादातर मुद्दे सुलझा लिए हैं। उन्होंने बताया कि बची हुई कुछ चिंताओं को दूर करने के लिए बातचीत चल रही है, और यह समझौता “जल्द ही” हो सकता है।
विदेशी मंत्री एस जयशंकर का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की G20 शिखर सम्मेलन के लिए अमेरिका की संभावित यात्रा से एक महीने पहले आई हैं। इस यात्रा के दौरान, वे और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप आपस में मिल सकते हैं, जिसमें वे दोनों देशों के बीच संबंधों की दिशा और व्यापार समझौते पर हुई प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं।
व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “हमें पूरी उम्मीद है, और कई मायनों में यह मानकर भी चल रहे हैं कि हम अब आखिरी पड़ाव पर हैं। यह कोई छिपी हुई बात नहीं है।”
जयशंकर ने कहा, “अब बस कुछ आखिरी मुद्दे बचे हैं, और इनमें से कई हमारी तरफ से नहीं हैं, क्योंकि हमारी तुलना में अमेरिकी पक्ष में ज्यादा बदलाव हुए हैं।उम्मीद है कि हम इसे जल्द ही पूरा कर लेंगे। अक्सर ऐसा होता है कि आखिरी दौर में हर कोई थोड़ा बेचैन हो जाता है।”