केंद्रीय कैबिनेट ने आज 14 अक्टूबर को IDBI बैंक के नए खरीदार के नाम पर मुहर लगा दी है। इस फैसले के तहत केंद्र सरकार और LIC मिलकर बैंक में अपनी 60.72% हिस्सेदारी कनाडाई अरबपति प्रेम वत्स की कंपनी ‘फेयरफैक्स’ को बेचेंगे।
यह सौदा ₹52,877 करोड़ में तय हुआ है। 2022 में टाटा ग्रुप को एअर इंडिया बेचे जाने के बाद, यह केंद्र सरकार का सबसे बड़ा विनिवेश है। रकम के लिहाज से यह एअर इंडिया की ₹18 हजार करोड़ की डील से भी लगभग तीन गुना बड़ा सौदा है।
सरकार और LIC के पास रहेगी 34% हिस्सेदारी
IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने के बाद भी बैंक में सरकार के पास 15% और LIC के पास 19% शेयर रहेंगे। यानी कुल हिस्सेदारी 34% बनी रहेगी।
अनुमान से ₹5 ज्यादा बोली, इसलिए डील मंजूर
सरकार ने बैंक के एक शेयर की सही कीमत यानी फेयर वैल्यू तय करने के लिए दो स्वतंत्र एजेंसियों की मदद ली थी। इन एजेंसियों ने कैलकुलेशन के बाद बताया कि IDBI बैंक के एक शेयर की तय कीमत ₹75.99 होनी चाहिए।
कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स ने सरकार के तय किए गए इस बेस प्राइस से ज्यादा यानी ₹81 प्रति शेयर के हिसाब से बोली लगाई। चूंकि फेयरफैक्स की बोली सरकार के तय अनुमान से प्रति शेयर ₹5.01 ज्यादा थी, इसलिए सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया।