CWG 2022: चौथे दिन सुशीला ने रजत और विजय-हरजिंदर ने जीता कांस्य, बैडमिंटन और टेबल टेनिस में भी पदक की उम्मीद

लंदन, १ अगस्त।  बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने चौथे दिन (सोमवार) तीन पदक अपने नाम किए। जूडो में सुशीला देवी ने रजत पदक जीता। वहीं, जूडो में ही पुरुषों में विजय यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता। इस तरह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गई है। भारत ने अब तक तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य जीते हैं।

इसके अलावा भारतीय मिक्स्ड (पुरुष और महिला मिलाकर) बैडमिंटन टीम सेमीफाइनल में सिंगापुर को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंच गई है, जहां मंगलवार को स्वर्ण पदक के लिए उनका मैच मलेशिया से होगा। बैडमिंटन टीम ने भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया है। वहीं, टेबल टेनिस में पुरुष टीम फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय मेन्स टेबल टेनिस टीम ने सेमीफाइनल में नाइजीरिया को 3-0 से हरा दिया। अब स्वर्ण के लिए उनका सामना सिंगापुर से होगा। यानी बैडमिंटन के बाद टेबल टेनिस टीम ने भी कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।

जूडो में सुशीला देवी ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में सुशीला को दक्षिण अफ्रीका की मिकेला व्हीटबोई ने आर्म लॉक के जरिए फंसा लिया और नीचे गिरा दिया। इसके बाद कुछ देर तक सुशीला मैट पर ही लॉक छुड़ाने की कोशिश करती रहीं। ऐसे में रेफरी ने दक्षिण अफ्रीका की व्हीटबोई को विजेता घोषित किया। मिकेला ने वाजे-आरी से मैच अपने नाम किया।

यह राष्ट्रमंडल खेलों में सुशीला का दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक हासिल किया था। सुशीला 2019 साउथ एशियन गेम्स में 48 किलोग्राम भारवर्ग में ही स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

सुशीला का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में सफर शानदार रहा। पहले मैच (क्वार्टर फाइनल) में सुशीला ने मलावी की हैरियेट बोनफेस को हराया था। वहीं, सेमीफाइनल में सुशीला ने मॉरिशस की प्रिसिल्ला मोरांद को हराया था।

जुडोका विजय यादव ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भारवर्ग में साइप्रस के पेट्रोस क्रिसटोडूलाइड्स को कांस्य पदक के मैच में हरा दिया। विजय ने पेट्रोस को ‘इपपोन’ से हराया। जूडो में तीन तरह से स्कोरिंग होती है। इसे इपपोन, वजा-आरी और यूको कहते हैं। इपपोन तब होता है, जब खिलाड़ी सामने वाले खिलाड़ी को थ्रो करता है और उसे उठने नहीं देता। इपपोन होने पर एक फुल पॉइंट दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है। विजय ने इसी तरह से जीत हासिल की। जूडो के खिलाड़ियों को ‘जुडोका’ कहते हैं।

विजय का सफर इन राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार रहा है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मॉरिशस के विंसले गंगाया को हराया था। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में विजय को हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज ने हराया। इसके बाद रेपचेज राउंड के जरिए विजय ने कांस्य पदक के मैच में जगह बनाई।रेपचेज के पहले मुकाबले में विजय ने स्कॉटलैंड के डिलन मुनरो को हराया और फिर साइप्रस के पेट्रोस को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

हरजिंदर कौर ने 71 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर देश को नौवां पदक दिलाया है। इस मुकाबले में हरजिंदर ने स्नैच में 93 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 119 किलोग्राम भार उठाया। इंग्लैंड की साराह डेविस ने कुल 229 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कनाडा की एलेक्सिस एशवर्थ ने 214 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।

महिला लॉन बॉल टीम ने इतिहास रचते हुए रजत पदक पक्का कर लिया। उसने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में नॉरफ्लॉक आइसलैंड को हराया था।

लवली चौबे (पहले), पिंकी (दूसरे), नयनमोनी सैकिया (तीसरे) और रूपा रानी टिर्की (स्किप) की भारतीय चौकड़ी ने मैच में शानदार वापसी की। अब फाइनल में उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। अफ्रीकी टीम ने फिजी को 16-14 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।

भारतीय टीम बैडमिंटन मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में भारत ने सिंगापुर पर 3-0 से हराया। इस तरह भारत ने बैडमिंटन में भी एक पदक पक्का कर लिया है। बैडमिंटन में भारत ने रजत पदक पक्का कर लिया है। अब फाइनल में टीम इंडिया का सामना मलेशिया से होगा। भारतीय टीम मलेशिया को हराकर और फाइनल जीतकर स्वर्ण अपने नाम करना चाहेगी।

सेमीफाइनल में पहले मैच में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने सिंगापुर की काई टेरी और एंडी जुंग की जोड़ी को 21-11, 21-12 से हरा दिया। दूसरे मैच में पीवी सिंधु ने जिया मिन यिओ को पहले गेम में 21-11 और दूसरे गेम में 21-12 से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। तीसरे मैच में लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के लोह यू कियान को 21-18, 21-15 से हरा दिया और भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। भारत बनाम मलेशिया बैडमिंटन मिक्स्ड टीम फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा।

टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम ने नाइजीरिया को 3-0 से हरा दिया। टीम इवेंट के पहले मैच में साथियान ज्ञानशेखरन और हरमीत देसाई की भारतीय जोड़ी ने नाइजीरिया की बोडे अबियोडुन और ओलाजिदे ओमोतायो की जोड़ी को 11-6, 11-7, 11-7 से आसानी से हरा दिया। इसके बाद दूसरे मैच में अचंता शरथ कमल ने नाइजीरिया के अरुणा कादरी को 3-1 से हराकर भारतीय टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।

तीसरे मैच में ज्ञानशेखरन ने नाइजीरिया के ओलाजिदे ओमोतायो को सिंगल्स मैच में 3-1 से हराकर भारतीय पुरुष टीम को 3-0 की जीत दिला दी। इस तरह टीम इंडिया ने मेन्स टेबल टेनिस टीम इवेंट में एक और पदक पक्का कर लिया। भारतीय टीम का कम से कम रजत तो पक्का हो गया है। फाइनल में भारतीय टीम सिंगापुर से गोल्ड के लिए मैच खेलेगी।

राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष हॉकी में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 4-4 की बराबरी पर छूटा। पूल-बी के अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया जीतते-जीतते रह गई। उसने एक समय 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन इंग्लैंड ने आखिरी दो क्वार्टर में शानदार वापसी की और चार गोल दागे। भारत अंतिम दो क्वार्टर में सिर्फ एक ही गोल कर सका। इस तरह मैच बराबरी पर छूटा। भारत ने अपने पहले मैच में घाना को 11-0 से हराया था। अब तीसरे मैच में तीन अगस्त को उसका मुकाबला कनाडा से होगा।

अजय सिंह वेटलिफ्टिंग के 81 किग्रा भारवर्ग में पदक नहीं जीत पाए। स्नैच राउंड में 143 किग्रा भार उठाने के बाद क्लीन एंड जर्क में वह 176 किग्रा भार उठाने में सफल रहे। हालांकि, उनका यह प्रयास पदक के लिए काफी नहीं था। वह 319 किलो भार के साथ चौथे स्थान पर रहे।

भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल और मोहम्मद हसमुद्दीन ने सोमवार को राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित ने 51 किलो भारवर्ग में अंतिम 16 के मैच में वनुआतू के नामरी बेरी को 5-0 से हराया। वहीं हसमुद्दीन ने 57 किलो भारवर्ग में बांग्लादेश के मोहम्मर सलीम हुसैन को 5-0 से शिकस्त दी। एक और जीत के साथ दोनों का पदक तय हो जाएगा।

भारत की पदक की उम्मीदों को तब झटका लगा, जब दिग्गज महिला स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा सिंगल्स राउंड के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। उन्हें कनाडा की हॉली नॉटन ने 3-0 से हराया। पहला गेम हॉली ने 11-9 से जीता था। दूसरे गेम में कनाडा की खिलाड़ी ने चिनप्पा को 11-5 से हरा दिया। तीसरे गेम में हॉली ने चिनप्पा को कड़े मुकाबले में 15-13 से हरा दिया। इस तरह चिनप्पा सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गईं। स्क्वैश के महिला एकल में पहले ही भारत की सुनैना सारा कुरुविला पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला पाकिस्तान की फैजा जफर से होगा। सुनैना से अब पदक की उम्मीद होगी।

पुरुषों के 1000 मीटर टाइम ट्रायल फाइनल में रोनाल्डो लैटनजम ने 1:02.500 का समय निकाला। यह प्रभावशाली था, लेकिन भारत को पदक दिलाने के लिए काफी नहीं था। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 20 साइकिल चालकों में रोनाल्डो 12वें स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू ग्लेटजर ने 59.505 समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन थॉमस कोर्निश दूसरे स्थान पर (1: 036) रहे। त्रिनिदाद और टोबैगो के निकोलस पॉल तीसरे (1:00.089) तीसरे स्थान पर रहे।

जूडो में पुरुषों के 66 किलोग्राम भारवर्ग में भारत के जसलीन सिंह को कांस्य पदक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया के नाथन काट्ज ने जसलीन को आखिरी कुछ सेकेंड में इपपोन से हराया और कांस्य पदक अपने नाम किया। इपपोन यानी आखिरी 10 सेकेंड में ऑस्ट्रेलियाई जुडोका ने जसलीन को थ्रो किया और उन्हें उठने नहीं दिया। इपपोन होने पर एक फुल पॉइंट दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है।

जूडो में महिलाओं के 57 किलोग्राम भारवर्ग में सुचिका तरियाल को कांस्य पदक के मैच में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मॉरिशस की क्रिश्चियन लेजेंटिल ने वजा-आरी में हरा दिया।

लगातार अपडेट और ख़बरों के लिए हमारे फ़ेसबुक पेज और ट्विटर ज़रूर फ़ॉलो करें। 

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *