
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को बताया है कि महेंद्र सिंह धोनी वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जाएंगे। धोनी दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। वे इस दौरान पैरामिलिट्री रेजिमेंट में शामिल होंगे। भारतीय टीम का वेस्टइंडीज दौरा 3 अगस्त से शुरू हो रहा है। बीसीसीआई विंडीज दौरे के लिए 21 जुलाई को टीम का चयन करेगा। इससे पहले धोनी के करीबी दोस्त और पूर्व रणजी खिलाड़ी मिहिर दिवाकर ने भी कहा था कि धोनी वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जाएंगे। बल्कि वे आर्मी को समय देंगे।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘धोनी ने कहा है कि वे वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा पाएंगे। वे पैरामिलिट्री रेजिमेंट को समय देंगे। उन्होंने रविवार को होने वाली चयन समिति की बैठक से पहले यह फैसला लिया। उन्होंने कप्तान विराट कोहली और एमएसके प्रसाद को भी सूचित कर दिया।’’ अधिकारी ने कहा कि धोनी के इस बयान से उम्मीद जताई जा सकती है कि वे अभी संन्यास के बारे में नहीं सोच रहे।
धोनी के पास लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक
धोनी को इंडियन टेरिटोरियल आर्मी ने 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक दी थी। मिहिर ने कहा था, ‘धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे से खुद ही नाम वापस लिया है। उन्होंने बीसीसीआई को इस बारे में बता दिया है। अब वे भारतीय आर्मी के साथ वक्त बिताएंगे।’
मिहिर ने धोनी के संन्यास की खबरों को खारिज किया
मिहिर धोनी के साथ रणजी क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने धोनी के संन्यास लेने की खबरों को खारिज करते हुए कहा था, ‘‘आखिर माही क्यों संन्यास लेगा। अगर संन्यास लेना होता तो वर्ल्ड कप से अच्छा प्लेटफॉर्म क्या होता। क्रिकेटर उम्र से नहीं बल्कि फिटनेस, रन बनाने और अहम भूमिका निभाने की बदौलत टीम में रहता है। उसके जैसा विकेटकीपर अभी नहीं है। उसका कोई कॉम्पिटीटर नहीं है।’’
धोनी अपने से कम उम्र के खिलाड़ी से ज्यादा फिट
दिवाकर ने कहा था, ‘‘वे अपने से कम उम्र के खिलाड़ी से ज्यादा फिट हैं। फिर माही के संन्यास का सवाल बार-बार मीडिया में क्यों आता है? वो सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि देश के लिए खेलता है। टीम इंडिया के पास विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में अभी धोनी का विकल्प मौजूद नहीं है। सच्चे खिलाड़ी धोनी की असली कीमत जानते हैं।’’ मिहिर की कंपनी धोनी की क्रिकेट एकेडमी में ज्वाइंट वेंचर है।
धोनी ने वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में अर्धशतक लगाया था
धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को वर्ल्ड कप, टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है। इस साल वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 रन बनाए थे। धोनी और रवींद्र जडेजा ने 116 रन की साझेदारी कर जीत की उम्मीद जगाई थी। धोनी की इस पारी को सराहा गया था। हालांकि, भारत यह मैच हार गया।
धोनी ने भारत के लिए 350 वनडे, 90 टेस्ट, 98 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 10,773 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50 से ज्यादा रहा। टेस्ट मैचों में धोनी ने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं।