रूस के 7 लाख सैनिकों की जंग में मौत:यह सरकारी रिकॉर्ड से 2 लाख ज्यादा; हर साल 4 लाख सैनिकों की भर्ती कर रहे पुतिन

रूस ने यूक्रेन के साथ जारी जंग में अब तक 7 लाख से ज्यादा सैनिक गंवा दिए हैं। यह संख्या रूस के सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज मौतों से करीब 2 लाख ज्यादा है। रूस से बाहर काम कर रहे दो मीडिया संस्थानों मेडुजा और मीडियाजोना की एक जांच में यह बात सामने आई है।

इन संस्थानों के मुताबिक, यह आंकड़ा यूक्रेन के समर्थन वाले दो हैकर्स ग्रुप से मिले सरकारी डेटा के आधार पर तैयार किया गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार सैनिकों के इस नुकसान की भरपाई के लिए हर साल 4 लाख से ज्यादा नए सैनिकों की भर्ती कर रही है। इसके लिए नए सैनिकों को बड़ी रकम देने का ऑफर भी दिया जा रहा है।

रूस के सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, सितंबर तक जंग में कम से कम 4 लाख 90 हजार सैनिकों की मौत हो चुकी थी। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में मौतों का ब्यौरा देर से दर्ज होता है। इस वजह से इनमें 2026 में मारे गए ज्यादातर सैनिकों के नाम शामिल नहीं हैं।

मेडुजा और मीडियाजोना ने इस अंतर का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों से आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें उन सैनिकों को भी शामिल किया गया, जो लापता हैं और जिनके मारे जाने की आशंका है।

दोनों संस्थानों ने यह अनुमान लगाया कि अगर सभी मौतें समय पर सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज होतीं, तो कुल संख्या कितनी होती। इस गणना में 7 लाख से ज्यादा सैनिकों की मौत का आंकड़ा सामने आया।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *