RBI ने डिजिटल भुगतान के दौरान धोखाधड़ी को रोकने के लिए कुछ नए नियमों का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत बैंक खाताधारकों को इलेक्ट्रानिक फंड ट्रांसफर को प्रमाणित करने के लिए एक भरोसेमंद व्यक्ति को चुनने की सुविधा दी जाएगी। इस भरोसेमंद व्यक्ति को एक तय सीमा से अधिक के इलेक्ट्रानिक फंड ट्रांसफर को 1 घंटे के भीतर मंजूरी देनी होगी। अगर यह व्यक्ति ऐसा नहीं करता है तो भुगतान रद कर दिया जाएगा।
1 घंटे के कूलिंग पीरियड का प्रस्ताव
इस ड्राफ्ट दिशानिर्देशों में अप्रैल के चर्चा पत्र में दिए गए उस पुराने प्रस्ताव को हटा दिया गया है, जिसमें सभी बड़ी रकम वाले डिजिटल ट्रांजेक्शन पर अनिवार्य रूप से एक घंटे का ‘कूलिंग पीरियड’ रखने की बात कही गई थी। अप्रैल में आए ड्राफ्ट दस्तावेज में विश्वसनीय व्यक्ति की यह सुविधा 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए दी गई थी पर अब सभी बैंक ग्राहकों के लिए स्वैच्छिक (optional) आधार पर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
यह प्रस्तावित व्यवस्था UPI ट्रांसफर, मर्चेंट पेमेंट या रिकरिंग मैंडेट (नियमित भुगतान) पर लागू नहीं होगी। बैंकों को ग्राहकों के लिए एक इमरजेंसी स्टाप स्विच की सुविधा भी देनी होगी, जिससे ग्राहक अपनी ओर से किए जाने वाले सभी भुगतान को तुरंत ब्लाक कर सकें। ग्राहक प्रति भुगतान या प्रति लाभार्थी के लिए अपनी सीमा तय कर सकते हैं। साथ ही वह यह भी तय कर सकते हैं कि किस स मय इलेक्ट्रानिक भुगतान की सुविधा बंद रहे। भरोसेमंद व्यक्ति की व्यवस्था, स्टाप स्विच और चैनल कंट्रोल से जुड़े प्रस्ताव आम जनता से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर एक जुलाई, 2027 से लागू होंगे।