PM मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में दी समुद्री सहयोग की नई योजना, पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा का भी प्रस्ताव

पीएम नरेंद्र मोदी ने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक आसियान-भारत समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव दिया है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, कोस्ट गार्ड सहयोग और नाविकों की सुरक्षा को मजबूत करेगी।

आसियान देश भी इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक हैं। अगर इस बारे में ठोस कदम उठाया जाता है तो हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामक रवैये के खिलाफ आसियान देशों के साथ सहयोग स्थापित करने में जुटे भारत की कोशिश की यह भारी जीत होगी।

पीएम मोदी ने आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा और आसियान-भारत परमाणु ऊर्जा तकनीकी आदान-प्रदान का भी सुझाव दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच सहयोग और गहरा होगा।

आज दुनिया को शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की आवश्यकता- पीएम मोदी

शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि, “पिछले कुछ वर्षों में दुनिया एक के बाद एक अनेक संकटों से गुजरी है। आज दुनिया को सबसे अधिक आवश्यकता है, शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की। इस संदर्भ में इस वर्ष की थीम, “नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टूगेदर” विशेष महत्व रखती है।

भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय हो। हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। पिछले बारह वर्षों में हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *