दुबई एयरपोर्ट ने भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोक दी है। स्पाइसजेट पर यह कार्रवाई एयरपोर्ट प्रशासन और ग्राउंड-हैंडलिंग कंपनी ‘dnata’ का करीब ₹35.85 करोड़ बकाया होने की वजह से की गई।
इस कारण एयरलाइन को गुरुवार (12 नवंबर) को दुबई से दिल्ली, मुंबई, जयपुर और अमृतसर आने वाली अपनी 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं, जिससे सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस गए।
वहीं, यात्रियों को समय पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी न देने पर दुबई की एविएशन अथॉरिटी ने भी स्पाइसजेट के अधिकारी को तलब किया है।
दुबई के मुख्य एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी ‘दुबई एयरपोर्ट्स’ ने सोमवार को ही स्पाइसजेट को चेतावनी दे दी थी कि उसका बकाया करीब ₹35.85 करोड़ हो गया है। एयरलाइन ने 13 अक्टूबर के बाद से एयरपोर्ट को कोई पैसा नहीं दिया था।
एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ कह दिया था कि अगर 12 नवंबर तक पूरा बकाया नहीं चुकाया गया, तो यात्रियों की चेक-इन सर्विस बंद कर दी जाएगी। दी गई समय सीमा बीतने के बाद भी जब पैसा नहीं मिला, तो गुरुवार को एयरपोर्ट ने यह सर्विस रोक दी।
सिर्फ दो लेट फ्लाइट्स को मिली चेक-इन की अनुमति
चेक-इन सेवाएं रोके जाने के बाद भी एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पाइसजेट की सिर्फ दो लेट फ्लाइट्स- अहमदाबाद (SG-5115) और दिल्ली (SG-5106) को उड़ान भरने की इजाजत दी। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि इन दोनों विमानों को सर्विस बंद होने के तय समय से पहले ही उड़ान भरनी थी, लेकिन वे लेट चल रही थीं। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि जब तक कंपनी अपना पूरा बकाया पैसा जमा नहीं कर देती, तब तक स्पाइसजेट की बाकी सभी उड़ानों के लिए चेक-इन सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी।