हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स लिमिटेड (HCCH) ने अपने IPO के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। यह कंपनी कोका-कोला की भारतीय बॉटलिंग यूनिट हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेस (HCCB) की पैरेंट कंपनी है।
OFS के जरिए शेयर बेचेगी पैरेंट कंपनी
कंपनी का इस IPO के जरिए 2027 में बीएसई और एनएसई पर शेयर लिस्ट करने का प्लान है। यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा।
इसके तहत हिंदुस्तान कोका-कोला ओवरसीज होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड ₹10 फेस वैल्यू वाले करीब 100 करोड़ (99,74,61,456) इक्विटी शेयरों की बिक्री करेगी।
IPO के लिए मॉर्गन स्टेनली-गोल्डमैन मैनेजर नियुक्त
इस IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जे.पी. मॉर्गन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, गोल्डमैन सेक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड को बुक-रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।
कंपनी के लिए भारत दुनिया का 5वां सबसे बड़ा मार्केट
अटलांटा बेस्ड इस बेवरेज कंपनी के लिए भारत दुनिया का 5वां सबसे बड़ा मार्केट है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले सालों में भारत उसका तीसरा सबसे बड़ा ग्लोबल मार्केट बन सकता है।