प्रेमा रावत ने महिला टी-20 का सबसे तेज अर्धशतक लगाया:14 गेंदों में फिफ्टी लगाई; सीनियर विमेंस ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ बनाया रिकॉर्ड

भारतीय क्रिकेटर प्रेमा रावत ने महिला टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगा दिया है। 24 साल की प्रेमा ने सीनियर विमेंस टी-20 ट्रॉफी में उत्तराखंड की ओर से खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ 14 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 50 रन की नाबाद पारी खेली। इससे पहले यह रिकॉर्ड 15 गेंदों में अर्धशतक लगाने वाली तीन खिलाड़ियों के नाम संयुक्त रूप से था।

पुणे के MCA क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 98 रन ही बना सकी। उत्तराखंड ने यह मैच 89 रन से जीता। प्रेमा ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल किया और 12 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रेमा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं। उस समय पारी के सिर्फ आखिरी तीन ओवर बाकी थे। उन्होंने आते ही तेज गेंदबाज साक्षी राव की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए। इसके बाद ऑफ स्पिनर वांका पूजा के ओवर में 18 रन बटोरे।

आखिरी ओवर में उन्होंने कुंचला नितीशा की गेंदों पर छक्के और चौके लगाए। उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। स्ट्राइक रेट 357.14 रहा। दूसरे छोर पर राघवी बिष्ट ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *