तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों कलाकारों ने फिल्म इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई।
चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मुलाकात की जानकारी दी। गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए सरकार की ओर से सख्त नियम और कड़े दंड का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही, मामले में औपचारिक लिखित आवेदन जमा करने की सलाह दी।
चिरंजीवी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह से मिलना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि डीपफेक और एआई का गलत इस्तेमाल कलाकारों के अधिकारों, आत्मसम्मान और क्रिएटिव कंटेंट के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
चिरंजीवी के मुताबिक, अमित शाह ने पूरे मामले को ध्यान से सुना और आश्वस्त किया कि सरकार इस पर जल्द से जल्द कड़े कदम उठाएगी। गृह मंत्री ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को फिल्म उद्योग और सरकार के बीच इस मुद्दे पर तालमेल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।