हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। भारत ने शुक्रवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट पर 88 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में 2 विकेट पर 91 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। पाकिस्तान ने 13 गेंद बाकी रहते 89 रन का टारगेट हासिल किया।
पाकिस्तान की जीत में अब्बास अफरीदी और ख्वाजा नफे ने अहम भूमिका निभाई। अब्बास ने 8 गेंदों पर 35 रन बनाए। उन्हें को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। नफे ने 12 गेंद में 41 रन की पारी खेली।
शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन बनाए
ग्रुप-C के मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। राहुल त्रिपाठी 5 गेंदों पर 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नीतीश राणा ने 14 गेंदों पर 19 रन बनाए। वह रिटायर्ड आउट हुए। शशांक सिंह ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 11 गेंदों पर 40 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
शशांक-नीतीश के बीच 57 रन की साझेदारी
शशांक ने नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। हालांकि, उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। राहुल तेवतिया और कप्तान क्रुणाल पंड्या खाता भी नहीं खोल सके। दोनों को अब्दुल समद ने लगातार गेंदों पर आउट किया। टी नटराजन ने 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए। भारत ने 6 ओवर में 88 रन बनाए।
पाकिस्तान ने 3.5 ओवर में मैच खत्म किया
89 रन के टारगेट का पीछा करने उतरे पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की। ख्वाजा नफे और अब्बास अफरीदी ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 2.1 ओवर में 59 रन जोड़े। अब्बास 8 गेंदों पर 35 रन बनाकर शशांक सिंह की गेंद पर आउट हुए।