देश का सबसे बड़ा IPO जियो प्लेटफॉर्म्स के सब्सक्रिप्शन का आज 23 अक्टूबर को आखिरी दिन रहा। ये IPO 21 गुना भरा है। संस्थागत निवेशकों का कोटा 67 गुना और रिटेल पोर्शन 2.7 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
यह 1 करोड़ एप्लिकेशन पार करने वाला दुनिया का पहला IPO भी बन गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के नाम था, जिसके IPO को लगभग 97 लाख आवेदन मिले थे।
पहले दिन 3 गुना से ज्यादा भरा था इश्यू
IPO पहले दिन यानी 21 अक्टूबर को ही 3.02 गुना भर गया था। 19.75 करोड़ शेयरों के बदले 59.68 करोड़ शेयरों की मांग आई थी। दूसरे दिन की शुरुआत में संस्थागत निवेशकों की भारी बिडिंग की वजह से यह आंकड़ा 3.50 गुना के पार पहुंच गया।
IPO में कम से कम ₹13,428 लगाने होंगे
जियो के एक शेयर की कीमत यानी प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 है। आम निवेशक को शेयर खरीदने के लिए कम से कम ₹13,428 लगाने होंगे, जबकि अधिकतम 14 लॉट यानी 168 शेयर के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए ₹1.87 लाख रुपए लगेंगे।
1377 रुपए पर हो सकती है शेयरों की लिस्टिंग
लिस्ट होने के पहले कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में 23% यानी ₹258 प्रति शेयर के प्रीमियम पर पहुंच गया है। ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP के हिसाब से देखें तो अपर प्राइस बैंड ₹1,119 के लिहाज से इसकी लिस्टिंग (1119+258=₹1377) ₹1377 पर हो सकती है।
एंकर पोर्शन से पहले ही जुटाए ₹8,110 करोड़
जियो इस आईपीओ के जरिए कुल ₹30,213 करोड़ जुटा रही है। हालांकि, इश्यू खुलने से ठीक पहले कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स को शेयर जारी करके ₹8,110 करोड़ का फंड जुटा लिया था।
एंकर कोटा हटने के बाद प्राइमरी मार्केट में आम जनता और संस्थागत खरीदारों के लिए करीब ₹22,103 करोड़ का नेट इश्यू ही रखा गया है, जिस पर लगातार बोलियां लग रही हैं।