नए UPI MDR नियम 15 अक्टूबर से लागू होंगे:जानें- क्या SIP, शेयर बाजार में पैसा लगाना और FD कराना महंगा हो जाएगा?

देश में डिजिटल पेमेंट और इंवेस्टमेंट को आसान बनाने वाले UPI के मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 15 अक्टूबर 2026 से नए UPI MDR नियम लागू होंगे।

ऐसे में रिटेल निवेशक सवाल उठा रहे हैं कि क्या म्यूचुअल फंड की SIP, ट्रेडिंग अकाउंट में पैसा डालना या FD कराना महंगा हो जाएगा? क्या निवेशकों से कंपनियां या बैंक अलग से UPI चार्ज वसूलेंगे?

जवाब: नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और सरकार के नए फ्रेमवर्क के तहत 15 अक्टूबर 2026 से UPI ट्रांजैक्शन पर नए MDR नियम लागू होंगे। इसके तहत पर्सन-टू-पर्सन (P2P) और ₹2,000 तक के मर्चेंट पेमेंट पर कोई MDR नहीं लगेगा।

हालांकि, ₹2,000 से ज्यादा के चुनिंदा मर्चेंट पेमेंट पर 0.4% और कैपिटल मार्केट- म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार आदि के ट्रांजैक्शन पर 0.02% (अधिकतम ₹300) का रियायती MDR तय किया गया है।

सवाल: क्या मेरे म्यूचुअल फंड की मंथली SIP महंगी हो जाएगी?

जवाब: नहीं। अगर आपकी SIP ‘UPI AutoPay’ या ऑटोमेटेड रिकरिंग मैन्डेट से चल रही है, तो उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बजाजकैपिटल के जॉइंट चेयरमैन और एमडी संजीव बजाज के मुताबिक, रिकरिंग मैन्डेट्स यानी ऑटोमैटिक कटने वाले पेमेंट को इस नए MDR नियम से बाहर रखा गया है। इसलिए ग्रो, जेरोधा के कॉइन या ET मनी जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए जाने वाली आपकी SIP की राशि और फ्रीक्वेंसी में कोई बदलाव नहीं होगा।

सवाल: ऑटोमैटिक SIP और एकमुश्त UPI पेमेंट में क्या अंतर है?

जवाब: आनंद राठी वेल्थ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश कुमावत के अनुसार, अगर आप UPI AutoPay से ₹5,000 की मंथली SIP करते हैं, तो वह पूरी तरह से MDR फ्री है। लेकिन यदि आप उसी म्यूचुअल फंड में मैन्युअल रूप से एक बार में ₹10,000 का लंप-सम यानी एकमुश्त निवेश करते हैं, तो वह ट्रांजैक्शन 0.02% वाले कैपिटल-मार्केट MDR के दायरे में आएगा।

सवाल: यदि मैं ₹1 लाख का लंप-सम म्यूचुअल फंड निवेश करता हूं, तो कितना MDR बनेगा?

जवाब: 0.02% की दर से ₹1 लाख के निवेश पर कुल MDR ₹20 बनेगा (₹1,00,000 × 0.02% = ₹20)।

सवाल: क्या यह ₹20 का चार्ज सीधे मेरी जेब से कटेगा?

जवाब: नहीं, यह चार्ज सीधे ग्राहक (निवेशक) से नहीं लिया जा सकता। सरकार और RBI के नियमों के अनुसार, MDR का भुगतान पेमेंट हासिल करने वाली कंपनी (AMC या प्लेटफॉर्म) को करना होता है। बैंकों और UPI एप्स को सख्त निर्देश हैं कि वे व्यापारियों या प्लेटफॉर्म्स को यह चार्ज ग्राहकों पर पास करने की इजाजत न दें।

सवाल: शेयर खरीदने के लिए ट्रेडिंग अकाउंट में UPI से पैसा ट्रांसफर करने पर क्या चार्ज लगेगा?

जवाब: जब आप ट्रेडिंग अकाउंट में पैसे ऐड करते हैं, तो वह कैपिटल मार्केट ट्रांजैक्शन माना जाता है और उस पर 0.02% MDR लागू होता है। उदाहरण के लिए ₹50,000 ट्रांसफर करने पर ₹10 का MDR बनेगा।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *