मार्नस लाबुशेन को खराब फॉर्म के बावजूद साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की 16 सदस्यीय टीम में बरकरार रखा गया है। तीन मैचों की सीरीज 9 अक्टूबर से शुरू होगी।
बांग्लादेश के खिलाफ जुलाई में खेली गई टेस्ट सीरीज में लाबुशेन ने 1, 31 और 4 रन की पारियां खेली थीं, जिसके बाद उनके चयन पर सवाल उठ रहे थे। हालांकि, सेलेक्टर्स ने नंबर-3 बल्लेबाज पर भरोसा कायम रखा है। टीम में मैथ्यू कुहनेमन, कूपर कोनोली और माइकल नेसर को भी शामिल किया गया है।
सीरीज की शुरुआत 9 अक्टूबर से
सीरीज का पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से जीक्वेबरहा और तीसरा 27 अक्टूबर से केप टाउन में होगा।
2023 के बाद टेस्ट में शतक नहीं लगा सके लाबुशेन
लाबुशेन ने अपना पिछला टेस्ट शतक 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में लगाया था। इसके बाद से वे 43 पारियों में 24.69 की औसत से रन बना पाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ हालिया सीरीज में भी उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा।
खराब फॉर्म के कारण उन्हें जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज की टीम से भी बाहर किया गया है।