
दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी की उपकप्तानी वाली ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को दूसरी पारी में 158 रन पर ऑलआउट कर दिया। सेंट्रल जोन के लिए अमन मोखाड़े ने 41 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि अरशद खान ने 25 और हर्ष दुबे ने 24 रन बनाए। ईस्ट जोन की ओर से मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए।
सेंट्रल जोन की शुरुआत खराब रही और 37 रन तक टीम के तीन विकेट गिर गए। कप्तान रजत पाटीदार 5 और रिंकू सिंह 20 रन ही बना सके। 95 रन तक 7 विकेट गंवाने के बाद अरशद खान ने लोअर ऑर्डर के साथ मिलकर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया, लेकिन 25 रन पर उनके आउट होते ही सेंट्रल जोन की पारी 158 रन पर सिमट गई।
मुकेश कुमार ने 4 विकेट लिए
ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 12 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट लिए। मोहम्मद शमी ने 3, जबकि अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और क़ुनैन कुरैशी ने 1-1 विकेट लिया।
शमी ने पूरे 900 विकेट किए
मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। ईस्ट जोन की ओर से खेल रहे शमी ने सेंट्रल जोन के खिलाफ 3 विकेट लेकर प्रोफेशनल क्रिकेट में अपने 900 विकेट पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ छठे भारतीय गेंदबाज बने। शमी ने 36 साल की उम्र में यह मुकाम हासिल किया।