भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को झारखंड में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।
राज्य में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे, जिसमें से पहले चरण का चुनाव शनिवार को हो चुका है। नड्डा ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “पिछले 70 वर्षों में राज्य में केवल तीन मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन पिछले पांच वर्षों के भाजपा शासन में पांच मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं। कांग्रेस और झामुमो ने सत्ता के लिए गठबंधन किया है। राज्य और यहां के लोगों के विकास के उनके पास कुछ भी नहीं है। इस तरह के बेकार गठबंधन को करारा जवाब दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “यह चुनाव महज मंत्रियों या मुख्यमंत्री को चुनने के लिए नहीं है, बल्कि राज्य को दिशा देने के लिए है। नक्सलवादी मुद्दा हल होने की प्रक्रिया के तहत है। संपग्र सरकार ने अपने 10 साल के शासन में एक भी कारतूस नहीं खरीदा।”
इस दौरान नड्डा ने वन रैंक वन पेंशन, राफेल लड़ाकू जेट, ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दों पर सरकार की निष्ठा और ईमानदारी को लेकर भी खुलकर बोला।
नड्डा ने कहा, “कांग्रेस और झामुमो केवल आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने आदिवासियों के लिए बहुत काम किया है।”
इसके अलावा राजनाथ सिंह ने सरायकेला विधानसभा सीट पर एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की।
रक्षा मंत्री ने कहा, “भाजपा सरकार ने बिजली और गैस कनेक्शन देने के अलावा शौचालय और घरों का निर्माण किया है। हमारा उद्देश्य 2022 तक सभी को घर उपलब्ध कराना है।”