भारत के सबसे अमीर व्यक्ति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने डेटा सेंटर्स के क्षेत्र में विस्तार के लिए लगभग 1.5 अरब डॉलर (14000 करोड़ से ज्यादा) का लोन लेने की योजना बनाई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि डेटा सेंटर ऑपरेटर एजकॉनेक्स के साथ ज्वाइंट वेंचर, अदाणीकॉनेक्स प्राइवेट लिमिटेड, ऑफशोर फंडिंग के लिए डीबीएस ग्रुप होल्डिंग्स लिमिटेड, फर्स्ट अबू धाबी बैंक पीजेएससी और मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप इंक समेत कई लैंडर्स से बातचीत कर रही है। सूत्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर निजी जानकारी साझा करते हुए यह जानकारी दी।
अदाणी समूह ने अपने विशाल ऊर्जा कारोबार के आधार पर 2035 तक डेटा केंद्रों और अन्य डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में लगभग 100 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है। अरबपति मुकेश अंबानी के रिलायंस समूह ने भी AI से संबंधित इंफ्रा में सात वर्षों में 110 अरब डॉलर तक का निवेश करने की योजना बनाई है।